Headlines

नौकरी तलाश रही महिला ब्लैकमेलिंग का शिकार, रेप करने वाला दरिंदा अरेस्ट

राजनांदगांव। जिले के डोंगरगढ़ में नौकरी लगाने का झांसा देकर महिला के साथ दुष्कर्म और यौन शोषण करने के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 52 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पीड़िता को नशीला पदार्थ देकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने, मारपीट करने, पीछा करने, अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने डोंगरगढ़ थाने पहुंचकर आरोपी भरत भूषण मेश्राम के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि आरोपी ने नौकरी लगाने का झांसा देकर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए और उसका यौन शोषण किया।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने नशीला पदार्थ देकर उसका यौन उत्पीड़न किया। इसके अलावा मारपीट, पीछा करने, अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, सामाजिक रूप से बदनाम करने तथा जान से मारने की धमकी देने जैसी हरकतें भी कीं।

पीड़िता की शिकायत पर डोंगरगढ़ पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 609/2026 दर्ज कर धारा 64(2)(m), 296, 351(3) और 115(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी रामेश्वर प्रसाद देशमुख ने पुलिस टीम के साथ आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस ने आरोपी भरत भूषण मेश्राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *