Headlines

नशे की लत से बचाएगी नालसा की डॉन योजना, स्कूली बच्चों को बताए गए बचाव के उपाय

रायपुर। नशामुक्त भारत के संकल्प को साकार करने और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से बचाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के मार्गदर्शन में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। नायडू शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रविग्राम रायपुर में आयोजित इस शिविर में विद्यार्थियों को नालसा की डॉन (DAWN – Drug Awareness and Wellness Navigation for a Drug-Free India) योजना, 2025 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

शिविर में अधिकार मित्र आकांक्षा साहू, साक्षी साहू और दिनेश पटेल ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों तथा इससे बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि डॉन योजना का मुख्य उद्देश्य नशे की रोकथाम, जनजागरूकता बढ़ाना, नशे से प्रभावित व्यक्तियों को विधिक सहायता उपलब्ध कराना तथा उन्हें नशामुक्ति और पुनर्वास सेवाओं से जोड़ना है।

इस दौरान विद्यार्थियों को समझाया गया कि तंबाकू, शराब और अन्य मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, पारिवारिक जीवन और भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। नशे की लत से व्यक्ति की निर्णय लेने की क्षमता कमजोर होती है और इसके कारण आर्थिक एवं सामाजिक परेशानियां भी उत्पन्न होती हैं।

अधिकार मित्रों ने बच्चों को गलत संगति और नशे के प्रलोभन से दूर रहने की समझाइश दी। साथ ही बताया कि यदि किसी मित्र में नशे की आदत दिखाई देती है तो इसकी जानकारी तत्काल शिक्षक या अभिभावकों को दें। नशे की लत से प्रभावित लोगों को डांटने या उनसे दूरी बनाने के बजाय उन्हें उचित उपचार और नशामुक्ति केंद्रों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करें।

शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। जागरूकता, सही मार्गदर्शन और समय पर सहायता से नशे की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *