दुर्ग। जिले में चर्चित श्रीराम यादव उर्फ मंत्री यादव हत्याकांड में न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाया है। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश, दुर्ग ने मामले में दोषी पाए गए चार आरोपियों को हत्या और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप में आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके अलावा दो आरोपियों को आयुध अधिनियम के तहत भी सश्रम कारावास से दंडित किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 21 मई 2024 की रात 8:15 बजे गंजपारा नाका चौक के पास हुई थी। आरोपियों ने श्रीराम यादव उर्फ मंत्री यादव का रास्ता रोककर उनके साथ मारपीट की और धारदार हथियार व कड़े से हमला किया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई थी।
घटना के बाद थाना दुर्ग में अपराध क्रमांक 272/2024 दर्ज कर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन के तकनीकी साक्ष्य, जब्त सामग्री तथा चिकित्सकीय और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाकर न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया।
मामले की सुनवाई सत्र प्रकरण क्रमांक 175/2024 में हुई। 18 नवंबर 2026 को प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश, दुर्ग ने चारों आरोपियों को दोषसिद्ध कर आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
न्यायालय ने जिन आरोपियों को दोषी ठहराया है,
- अक्षत दुबे उर्फ मान्या (23 वर्ष), निवासी कादम्बरी नगर, शिव मंदिर के पास, दुर्ग।
- शुभम शर्मा (25 वर्ष), निवासी आदित्य नगर, बिजली ऑफिस के पास, दुर्ग।
- वंश राजपूत (19 वर्ष), निवासी गयाना नगर, मां चंडिका अस्पताल के पास, दुर्ग।
- अमिताभ उर्फ चंदू (19 वर्ष), निवासी हरी नगर, मुस्कान पैलेस के पास, दुर्ग।
हत्या और षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं में सजा
पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपियों को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 सहपठित धारा 34 और धारा 120बी के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। इसके साथ ही धारा 341 सहपठित धारा 34 के तहत एक माह का साधारण कारावास और अर्थदंड भी लगाया गया है।
वहीं, आरोपी अक्षत दुबे उर्फ मान्या और शुभम शर्मा को आयुध अधिनियम की धारा 25(1-ख) एवं 27 के तहत क्रमशः दो वर्ष और तीन वर्ष के सश्रम कारावास से भी दंडित किया गया है।