दिल्ली। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली से कश्मीर घाटी तक फैले अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस नेटवर्क के जरिए फार्मास्युटिकल दवाओं की आड़ में कोडीन आधारित कफ सिरप की अवैध सप्लाई किए जाने का मामला सामने आया है। कार्रवाई में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
NCB के जम्मू जोनल यूनिट ने दिल्ली जोनल यूनिट के साथ संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। जांच एजेंसी के अनुसार, गिरोह दिल्ली से कश्मीर घाटी तक प्रतिबंधित इस्तेमाल के लिए दवाओं की आपूर्ति कर रहा था।
जांच का मुख्य फोकस कोडीन आधारित कफ सिरप (CBCS) की वैध दवा आपूर्ति श्रृंखला से अवैध तरीके से निकासी के स्रोत का पता लगाना है। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि दवाओं को किन माध्यमों से अवैध बाजार तक पहुंचाया जा रहा था और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
NCB का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य दवाओं की वैध आपूर्ति व्यवस्था से होने वाले डायवर्जन पर रोक लगाना और अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना है। मामले में आगे की जांच जारी है।