Headlines

खालिस्तानी पन्नू हत्याकांड की साजिश केस में अमेरिकी अदालत का बड़ा फैसला, भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 235 महीने की जेल

दिल्ली/वॉशिंगटन। खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश से जुड़े मामले में अमेरिकी अदालत ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 19 साल और 7 महीने (235 महीने) की जेल की सजा सुनाई है। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, निखिल गुप्ता ने पन्नू की हत्या के लिए सुपारी देने की साजिश में भूमिका निभाई थी। इस मामले में उसने फरवरी 2026 में अपना अपराध स्वीकार कर लिया था।

अमेरिकी अभियोजन पक्ष के मुताबिक, वर्ष 2023 में निखिल गुप्ता ने भारतीय सरकारी कर्मचारी बताए गए विकास यादव के निर्देश पर पन्नू की हत्या की योजना में काम किया। गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह आपराधिक गिरोह से जुड़ा व्यक्ति समझ रहा था, जबकि वह अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का गोपनीय मुखबिर था। मुखबिर ने उसे एक कथित हिटमैन से मिलवाया, जो वास्तव में अमेरिकी एजेंसी का अंडरकवर अधिकारी था।

अमेरिकी जांच एजेंसियों का आरोप है कि पन्नू की हत्या के लिए 1 लाख डॉलर देने की बात हुई थी और 9 जून 2023 को 15 हजार डॉलर की अग्रिम रकम भी पहुंचाई गई थी। जांच में विकास यादव का नाम भी सामने आया, जिसे अमेरिकी अभियोजन पक्ष ने भारत सरकार का कर्मचारी बताया है। विकास यादव इस मामले में आरोपी है, लेकिन अभी अमेरिकी हिरासत में नहीं है।

इस पूरे मामले ने भारत और अमेरिका के बीच कूटनीतिक स्तर पर भी चर्चा पैदा की है। भारत सरकार पहले इन आरोपों को खारिज कर चुकी है और स्पष्ट कर चुकी है कि इस तरह की गतिविधियां उसकी सरकारी नीति के अनुरूप नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *