Headlines

भूपेश ने राष्ट्रीय सचिवों की सूची से देवेंद्र यादव का नाम कटवाया : बीजेपी

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा हाल ही में जारी की गई राष्ट्रीय सचिवों की सूची से छत्तीसगढ़ के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव का नाम न होने को लेकर कांग्रेस की आंतरिक स्थिति पर सवाल उठाए हैं। डॉ. बघेल शनिवार को यहाँ एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा कर रही थीं।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बघेल ने कहा कि हाल ही में जारी की गई एआईसीसी के राष्ट्रीय सचिवों की सूची से देवेंद्र यादव जैसे महत्वपूर्ण नेता का नाम गायब है।

इस घटनाक्रम पर दो मुख्य सम्भावनाएँ जताते हुए बघेल ने कांग्रेस नेतृत्व से सवाल पूछा और कहा कि या तो कांग्रेस आलाकमान और राहुल गांधी देवेंद्र यादव को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त करने की तैयारी कर रहे हैं, या फिर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के दबाव में उनका नाम सूची से काटा गया है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बघेल ने कहा कि सूची जारी होने के बाद बघेल के ओएसडी द्वारा सोशल मीडिया पर “बाप तो बाप होता है” जैसा पोस्ट किया जाना इस बात की ओर इशारा करता है कि बघेल और यादव के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। यह पूरा घटनाक्रम कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी को दर्शाता है और “ऑल इज नॉट वेल बिटवीन भूपेश बघेल एण्ड देवेन्द्र यादव”।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *