Headlines

साइबर ठगों को बैंक खाते बेचने वाले दुर्ग के 9 लोग पुलिस की गिरफ्त में, 15 हजार तक लेते थे कमीशन

दुर्ग। साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना भिलाई नगर और एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की संयुक्त टीम ने कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने वाले 9 खाताधारकों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम कार्ड 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन के बदले दूसरों को उपलब्ध कराते थे।

पुलिस के अनुसार, इन बैंक खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन साइबर ठगी से प्राप्त रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने और निकालने के लिए किया जा रहा था। मामले में थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 522/2026 और 523/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(3) और 317(4) में प्रकरण दर्ज किया गया है।

जांच में सामने आया कि कुछ व्यक्ति एजेंटों के माध्यम से आम लोगों से बैंक खाते और उनसे संबंधित दस्तावेज जुटाते थे। इसके बाद ये खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध करा दिए जाते थे। खाताधारकों को इसके बदले 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन या अन्य प्रतिफल दिया जाता था। पुलिस का कहना है कि इन खातों के जरिए साइबर ठगी से प्राप्त लाखों रुपये की रकम का लेन-देन किया गया।

तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के वित्तीय लेन-देन और अन्य जानकारियों के विश्लेषण के बाद पुलिस ने 20 नवंबर 2026 को कुल 9 खाताधारकों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की। इस दौरान बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल सिम, मोबाइल फोन और अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए हैं। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

इन 9 खाताधारकों पर हुई कार्रवाई

पुलिस द्वारा जिन खाताधारकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है, उनमें टेकेश्वर साहू (21), रौनक अग्रवाल (23), तीरथ राम ठाकुर (33), राजीव कुमार (23), प्रदीप कुमार (27), इन्द्रजीत सिंह (23), नीलेश चक्रधारी (23), परमजीत सिंह (55) और गुरमेल सिंह (36) शामिल हैं। सभी दुर्ग जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।

दुर्ग जिले में अब तक 3,322 खातों की जांच

दुर्ग पुलिस के मुताबिक, जिले में म्यूल बैंक खातों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक कुल 3,322 खातों की जांच की गई है। इनमें से 3,162 खातों पर कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस ने 1,668 खातों के संबंध में अपराध पंजीबद्ध किए हैं, जबकि जांच के बाद 618 खातों को नस्तीबद्ध किया गया है। वहीं, 876 खातों पर कार्रवाई शेष है।

इस अभियान के तहत अब तक कुल 63 एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस ने 349 खाताधारकों और एजेंटों के साथ ही 2 बैंक अधिकारियों को भी गिरफ्तार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *