महासमुंद। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 29 वर्षीय मिथिलेश कुमार लेढिया के रूप में हुई है, जो पुलिस कंट्रोल रूम में आरक्षक के पद पर पदस्थ था।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह ग्रामीणों ने मुडमार बांधा के जंगल में एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका देखा। पास जाकर पहचान करने पर पता चला कि मृतक पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर कार्यरत मिथिलेश कुमार लेढिया है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि इसके पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।