Headlines

छोटी बहन की मौत का सदमा नहीं सह सकी 10 साल की बड़ी बहन, फांसी पर झूल गई

कोरबा। जिले के बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम आमाटिकरा में एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। डेढ़ माह की मासूम बच्ची की मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिवार इस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि घर पहुंचने पर माता-पिता को अपनी 10 वर्षीय बड़ी बेटी फांसी के फंदे पर लटकी मिली। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार की दो मासूम बेटियों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम आमाटिकरा निवासी सुखीराम मजदूरी कर अपनी पत्नी और तीन बेटियों का पालन-पोषण करता था। उसकी डेढ़ माह की बेटी रानी पिछले कुछ दिनों से सर्दी, खांसी और बुखार से पीड़ित थी। पहले उसका स्थानीय अस्पताल और फिर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर गुरुवार रात उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।

अस्पताल में पूरी रात इलाज चलने के बावजूद शुक्रवार सुबह मासूम रानी ने दम तोड़ दिया। बेटी की मौत से माता-पिता गहरे सदमे में थे। वे मुक्तांजलि वाहन से मासूम का शव लेकर घर पहुंचे। लेकिन घर के भीतर का दृश्य देखकर उनकी चीख निकल गई। उनकी 10 वर्षीय बेटी रूपकुंवर कमरे में फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी, जबकि साढ़े तीन वर्षीय छोटी बहन पास ही बैठी थी।

घटना की जानकारी मिलने पर मुक्तांजलि वाहन का चालक सुरेश कुमार भी घर के भीतर पहुंचा। उसकी मदद से बालिका को फंदे से नीचे उतारकर पोड़ी उपरोड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रूपकुंवर अपनी डेढ़ माह की छोटी बहन रानी से बेहद प्यार करती थी। परिजनों के मुताबिक, उसे छोटी बहन की मौत की जानकारी मिल गई थी। आशंका जताई जा रही है कि बहन की मौत की खबर से वह गहरे सदमे में आ गई थी।

एक ही परिवार में कुछ ही घंटों के अंतराल में दो मासूम बेटियों की मौत ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *