रायगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी में शामिल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें चार युवक और एक अपचारी बालक शामिल है। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से कुल 25 किलो 175 ग्राम गांजा और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कीमत 5 लाख 82 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी महाराष्ट्र के पुणे जिले के रहने वाले हैं। वे ओडिशा के संबलपुर से गांजा खरीदकर ट्रेन के माध्यम से रायगढ़ पहुंचे थे। यहां से पुणे जाने की तैयारी में थे। रास्ते के खर्च की व्यवस्था करने के लिए रेलवे स्टेशन के बाहर ही गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।

पहली कार्रवाई में 20.434 किलो गांजा बरामद
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में कोतवाली पुलिस को 20 नवंबर को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग के पास शिव मंदिर के बगल में पीपल के पेड़ के नीचे तीन संदिग्ध बैग और ट्रॉली बैग में गांजा लेकर बैठे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान अमोल बबन धोत्रे (29 वर्ष), सागर लक्ष्मण गायकवाड़ (18 वर्ष) और शुभम नंदू गुंजाल (23 वर्ष), निवासी पुणे (महाराष्ट्र) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 20 पैकेट में रखा 20.434 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 4 लाख रुपये है। इसके अलावा आईफोन, रेडमी और ओप्पो कंपनी के तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
दूसरी कार्रवाई में 4.741 किलो गांजे के साथ दो पकड़े गए
इसी दौरान पुलिस को रेलवे स्टेशन के मोटरसाइकिल स्टैंड के पास दो संदिग्धों के गांजा लेकर वाहन का इंतजार करने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया। इनमें इम्तियाज रफिक ईनामदार (21 वर्ष), निवासी चाकन मानिक चौक, जिला पुणे और एक 16 वर्षीय अपचारी बालक शामिल था।
तलाशी में इम्तियाज के बैग से पांच पैकेट में रखा 4.741 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 92 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ ही 10 हजार रुपये कीमत का एक इनफिनिक्स मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुए दो मामले
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के संबलपुर से गांजा खरीदकर पुणे ले जा रहे थे। रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद पुणे जाने के लिए दूसरे साधन की व्यवस्था करने और रास्ते के खर्च के लिए गांजा बेचने की योजना बना रहे थे। आरोपी गांजे के क्रय-विक्रय से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके।
दोनों मामलों में कोतवाली पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध क्रमांक 582/2026 और 583/2026 दर्ज किया है। चार वयस्क आरोपियों और एक अपचारी बालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, प्रकरण में आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।