Headlines

CBI की छापेमारी में CGST सुपरिंटेंडेंट के घर मिला सोना-चांदी और विदेशी मुद्रा

हरियाणा। CBI ने रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) के एक सुपरिंटेंडेंट लवकुश कुमार के आवासीय ठिकानों पर तलाशी के दौरान करीब 1.86 करोड़ रुपये की नकदी, विदेशी मुद्रा, सोना और चांदी बरामद की है। आरोपी अधिकारी पंचकूला में पदस्थ था और उसे 19 नवंबर 2026 को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था।

CBI के मुताबिक, आरोपी सुपरिंटेंडेंट लवकुश कुमार के खिलाफ 19 नवंबर को मामला दर्ज किया गया था। उस पर आरोप है कि उसने एक निजी फर्म के खिलाफ चल रही GST कार्यवाही में अनुचित लाभ पहुंचाने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के आधार पर CBI ने पंचकूला में जाल बिछाया और आरोपी को शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।

इसके बाद 20 नवंबर 2026 को आरोपी के आवासीय ठिकानों पर तलाशी ली गई। इस दौरान भारतीय मुद्रा में 24.29 लाख रुपये और करीब 15.65 लाख रुपये के बराबर विदेशी मुद्रा बरामद हुई। इसके अलावा सोने के आभूषण, सोने की ईंटें और चांदी भी मिली, जिनका कुल अनुमानित मूल्य करीब 1.46 करोड़ रुपये बताया गया है। इस तरह बरामद नकदी, विदेशी मुद्रा और कीमती धातुओं की कुल कीमत लगभग 1.86 करोड़ रुपये आंकी गई है।

तलाशी के दौरान छह बैंक खातों, निवेश पोर्टफोलियो, जीवन बीमा पॉलिसी और कई अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। इसके साथ ही एक वाहन तथा आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों के वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।

CBI अब बरामद दस्तावेजों की जांच कर आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों की संपत्तियों, निवेश तथा वित्तीय लेन-देन का पता लगा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *