Headlines

Raipur : कलेक्ट्रेट पार्किंग में कार का कांच तोड़कर चुराई थी बैटरी-स्टेपनी, बोरियाखुर्द का चोर गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी में खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाकर उनके स्टेपनी चक्के और बैटरियां चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 8 स्टेपनी चक्के और 5 बैटरियां बरामद की हैं। इसके अलावा चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोपेड और औजार भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेख शोएब उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, मामले की शुरुआत राहुल देवनानी की शिकायत से हुई। प्रार्थी ने 16 नवंबर को थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने अपनी मारुति रिट्ज कार को कलेक्ट्रेट के पास मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ा किया था। 13 नवंबर को सुबह करीब 10 बजे कार पार्क करने के बाद वह चला गया था। 15 नवंबर की शाम करीब 7:45 बजे जब वह कार लेने पहुंचा, तो वाहन का दाहिनी ओर का कांच टूटा हुआ मिला और दरवाजा खुला था। जांच करने पर कार से बैटरी और स्टेपनी गायब मिली। चोरी गई सामग्री की कीमत 10 हजार रुपये बताई गई।

मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिविल लाइन पुलिस की टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और मुखबिरों को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर शेख शोएब उर्फ बिट्टू को पकड़कर पूछताछ की गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से अलग-अलग चोरी की घटनाओं से संबंधित 8 स्टेपनी चक्के और 5 बैटरियां बरामद की गईं। वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोपेड और चोरी के औजार भी जब्त किए गए हैं। जांच में कलेक्ट्रेट के पास खड़ी कार से चोरी हुई एक स्टेपनी और एक बैटरी भी बरामद सामग्री में शामिल की गई।

पुलिस ने आरोपी शेख शोएब उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 584/2026 एवं 588/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *