Headlines

CM साय आज बसना और बलरामपुर-रामानुजगंज दौरे पर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज 27 नवंबर को महासमुंद और बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। साथ ही बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रघुनाथनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों को 71.48 करोड़ रुपये की लागत के 694 विकास कार्यों की सौगात देंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 10:45 बजे रायपुर से रवाना होकर महासमुंद जिले के बसना पहुंचेंगे। यहां गढ़फुलझर स्थित कार सेवा नानक सागर साहिब में सुबह 11:45 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक आयोजित विशेष कीर्तन समागम में शामिल होंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रघुनाथनगर पहुंचेंगे। यहां दोपहर 2:35 बजे से आयोजित करमा महोत्सव और मेगा हेल्थ कैंप में शिरकत करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री 71.48 करोड़ रुपये के 694 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे।

इनमें 54.20 करोड़ रुपये की लागत के 672 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 17.27 करोड़ रुपये की लागत के 22 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इसके अलावा मुख्यमंत्री 100 बिस्तरों वाले रामानुजगंज सिविल अस्पताल में डायलिसिस यूनिट का शुभारंभ भी करेंगे। इससे क्षेत्र के मरीजों को डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

दो जिलों के इस दौरे के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 5:05 बजे रायपुर लौटेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *