Headlines

Raipur : उरला पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 10 घंटे में दो अपहृत नाबालिग बालिकाएं सकुशल मिलीं

रायपुर। कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन अंतर्गत थाना उरला पुलिस ने दो अपहृत नाबालिग बालिकाओं को महज 10 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने दोनों बालिकाओं को जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के सरसींवा क्षेत्र से बरामद कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस के अनुसार, थाना उरला क्षेत्र से दो नाबालिग बालिकाओं के लापता होने की सूचना प्राप्त हुई थी। मामले में थाना उरला में अपराध क्रमांक 615/2026 एवं 616/2026, धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप ने तत्काल विशेष पुलिस टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके नेतृत्व में एडीसीपी आदित्य पांडे एवं एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक सुधांशु बघेल की टीम ने बालिकाओं की पतासाजी शुरू की।

पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता, आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर जांच आगे बढ़ाई। प्राप्त सूचनाओं और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करते हुए पुलिस टीम संभावित ठिकानों तक पहुंची। लगातार प्रयासों के बाद जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के सरसींवा क्षेत्र से दोनों बालिकाओं को मात्र 10 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया।

पुलिस की तत्परता और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई के चलते दोनों बालिकाओं को दूसरे जिले से सुरक्षित वापस लाया जा सका। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

रायपुर कमिश्नरेट ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए नागरिकों से अपील की है कि किसी भी बालक या बालिका के लापता होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *