Headlines

जोरा में अधिकारी के घर ED का छापा, दुर्ग और धमतरी शहर में भी रेड

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर, दुर्ग-भिलाई और धमतरी समेत कई जिलों में एक साथ छापेमारी की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई महादेव ऑनलाइन बैटिंग और सट्टा ऐप से जुड़े मामले में की जा रही है। ED की अलग-अलग टीमें कई ठिकानों पर दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से संबंधित जानकारियों की जांच कर रही हैं।

जानकारी के अनुसार, रायपुर के जोरा स्थित पार्क शिरीन कॉलोनी में ED की टीम ने जेल एवं होमगार्ड विभाग में वित्त सहायक के पद पर पदस्थ राजेन्द्र सिंह के आवास पर दबिश दी है। यहां जांच एजेंसी की टीम दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों की पड़ताल कर रही है।

वहीं, दुर्ग-भिलाई में एक चर्चित होटल के मालिक के घर और उनसे जुड़े अन्य ठिकानों पर भी ED की कार्रवाई जारी है। इसके अलावा धमतरी में महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के कथित सरगना सौरभ चंद्राकर के एक रिश्तेदार के आवास सहित अन्य ठिकानों पर भी जांच टीम पहुंची है।

बताया जा रहा है कि ED की यह कार्रवाई महादेव ऑनलाइन बैटिंग ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जांच के सिलसिले में की जा रही है। जांच एजेंसी अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेजों और वित्तीय गतिविधियों से जुड़े साक्ष्य खंगाल रही है।

फिलहाल छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में छापेमारी की कार्रवाई जारी है। इस संबंध में ED की ओर से अब तक कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही जांच से जुड़े तथ्यों और संभावित खुलासों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *