रायगढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन आघात के तहत जूटमिल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के सामने दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 किलो 68 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 60 हजार रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जूटमिल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति सारंगढ़ रोड की ओर से यात्री बस में सवार होकर गांजा लेकर रायगढ़ आ रहे हैं। दोनों के पास पिट्ठू बैग में गांजा रखा हुआ है और वे इसे बिक्री के लिए ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड की ओर ले जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जूटमिल ने पुलिस टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया। पुलिस टीम ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड पहुंची, जहां मुखबिर के बताए हुलिए के दो व्यक्ति बस से उतरकर पिट्ठू बैग लेकर बजरंगपारा की ओर जाते दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को बस स्टैंड के सामने लोक सेवा केंद्र के पीछे बजरंगपारा मैदान में रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान गोविन्द भट्ठ उर्फ बुटू (56 वर्ष), पिता स्व. बादल भट्ठ और मंजे देवार (26 वर्ष), पिता माखन देवार, दोनों निवासी सोनुमुड़ा देवारपारा, वार्ड क्रमांक 38, थाना जूटमिल, जिला रायगढ़ के रूप में हुई।
पुलिस ने संदेह के आधार पर उनके बैग की तलाशी ली तो खाकी और हरे रंग की पन्नियों में लिपटा गांजा बरामद हुआ। इसका कुल वजन 4 किलो 68 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है।