Headlines

रायपुर में स्पोर्ट्स शोरूम में चोरी, धमतरी और नागपुर से तीन चोर गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी के लोधीपारा चौक स्थित खेल एरिना स्पोर्ट्स शोरूम में हुई चोरी की घटना पर पंडरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन अपचारी बालकों को पकड़ लिया है। आरोपियों ने शोरूम से 2 लाख 56 हजार 163 रुपये की नगदी और एक POI Power Switch चोरी किया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 2 लाख 52 हजार 700 रुपये नगद और चोरी किया गया POI Power Switch बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, शोरूम संचालक ऐश्वर्य मार्या ने 24 नवंबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर शटर में ताला लगाया था। अगले दिन 25 नवंबर को सुबह करीब 10 बजे दुकान खोलने पर शटर का ताला खुला मिला। दुकान के अंदर लगे CCTV कैमरों की दिशा भी बदली हुई थी।

जांच के दौरान गल्ले में रखी 2,56,163 रुपये की नगदी और एक POI Power Switch गायब मिला। इसके बाद पुलिस ने दुकान और आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले।

फुटेज में रात करीब 2 बजे लाल रंग की हुडी पहने और चेहरा ढके एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां दिखाई दीं। संदिग्ध दुकान में प्रवेश कर CCTV कैमरों की दिशा बदलते हुए नगदी और POI Power Switch लेकर जाता नजर आया। आरोपियों ने POI Power Switch को CCTV कैमरों का DVR समझकर अपने साथ ले लिया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप ने तत्काल विशेष पुलिस टीम गठित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एडीसीपी आदित्य पांडे और एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक परेश पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के विश्लेषण के दौरान पता चला कि घटना के बाद तीनों अपचारी बालक अलग-अलग स्थानों पर चले गए थे। पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी और समन्वित प्रयास करते हुए धमतरी एवं नागपुर में उनकी तलाश की और तीनों को पकड़ने में सफलता हासिल की।

आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई नगदी में से 2,52,700 रुपये और POI Power Switch बरामद किया गया। पुलिस ने तीनों अपचारी बालकों की पहचान गोपनीय रखते हुए किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *