Headlines

घर में घुसकर मोबाइल झपटा, सिम दूसरे मोबाइल में डाल फर्जी UPI से निकाले लाखों रुपये, 48 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र में घर के अंदर घुसकर मोबाइल झपटने और उसके सिम कार्ड का इस्तेमाल कर फर्जी UPI कोड के जरिए बैंक खाते से रकम निकालने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने घटना के महज 48 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से झपटमारी किया गया मोबाइल, टूटा हुआ सिम कार्ड और ट्रांजेक्शन की पूरी रकम बरामद की गई है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर 2026 को प्रार्थिया ने थाना सकरी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि रात करीब 12 बजे उसका देवर ऋतिक यादव अपने कमरे में लेटकर मोबाइल देख रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति घर के अंदर घुसा और उसका मोबाइल झपटकर फरार हो गया।

आरोपी मोबाइल में लगे सिम कार्ड को दूसरे मोबाइल में डालकर फर्जी तरीके से नया UPI कोड तैयार किया और मोबाइल में संचालित बैंक खाते से ट्रांजेक्शन कर रकम निकाल ली।

4-5 लाख रुपये खाते में होने की थी जानकारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस को सुराग मिला कि गनियारी निवासी विक्की वर्मा का प्रार्थिया के घर आना-जाना था। उसे यह जानकारी भी थी कि प्रार्थिया के बैंक खाते में करीब 4 से 5 लाख रुपये हैं। पुलिस ने विक्की वर्मा को पूछताछ के लिए बुलाया। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

तीनों ने मिलकर बनाई थी चोरी की योजना

पुलिस के मुताबिक, विक्की वर्मा ने अपने दोस्त बलराम वर्मा और संदीप वर्मा के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी। तीनों ने रात करीब 12 बजे घर में घुसकर ऋतिक यादव का मोबाइल झपट लिया। इसके बाद मोबाइल में लगे सिम कार्ड को दूसरे फोन में डालकर फर्जी UPI कोड तैयार किया और खाते से रकम का ट्रांजेक्शन कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर झपटमारी किया गया मोबाइल, टूटा हुआ सिम कार्ड और ट्रांजेक्शन की पूरी रकम जब्त कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

  1. बलराम वर्मा, पिता स्वॉलन वर्मा, उम्र 23 वर्ष, निवासी गनियारी, थाना कोटा, जिला बिलासपुर।
  2. विक्की वर्मा, पिता रज्जु वर्मा, उम्र 34 वर्ष, निवासी गनियारी, थाना कोटा, जिला बिलासपुर।
  3. संदीप वर्मा, पिता दिलीप वर्मा, उम्र 32 वर्ष, निवासी गनियारी, थाना कोटा, जिला बिलासपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *