दिल्ली। दिल्ली पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड ने प्रतिबंधित ई-सिगरेट की तस्करी और परिवहन से जुड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों मोहम्मद अजहर खान, सुजीत जायसवाल और सागर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 300 ई-सिगरेट और परिवहन में इस्तेमाल किया जा रहा एक लोडिंग थ्री-व्हीलर बरामद किया गया है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, आउटर नॉर्थ जिले की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड ने संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर से सिंघु बॉर्डर की ओर जाने वाले मार्ग पर कार्रवाई की। इस दौरान प्रतिबंधित ई-सिगरेट की खेप ले जा रहे तीन आरोपियों को पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 10 अलग-अलग फ्लेवर की 300 ELFBAR RAYA SOBO 40000 ई-सिगरेट बरामद की हैं। इसके अलावा ई-सिगरेट के परिवहन में इस्तेमाल किया जा रहा एक लोडिंग थ्री-व्हीलर भी जब्त किया गया है।
ई-सिगरेट प्रतिबंध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
इस मामले में थाना समयपुर बादली में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम, 2019 की धारा 4/7 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस अब इस नेटवर्क के स्रोत, ई-सिगरेट की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इस कथित अंतरराज्यीय सप्लाई चेन में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जांच कर रही है।