धमतरी। कुरुद विधायक अजय चंद्राकर सामुदायिक भवन, विंध्यवासिनी मंदिर के पास आयोजित दीपावली मिलन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में नेतृत्व की वास्तविक परिभाषा बताते हुए कहा कि नेता होना केवल पद प्राप्त करना नहीं है, बल्कि अपने कार्यकर्ताओं के लिए विश्वास, सम्मान और अपनापन का प्रतीक बनना है।
विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि वास्तविक नेतृत्व वह है, जिसके साये में कार्यकर्ता खुद को सुरक्षित और सम्मानित महसूस करे। कार्यकर्ताओं के मन में यह भरोसा होना चाहिए कि कोई ऐसा व्यक्ति है, जो हर परिस्थिति में उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
उन्होंने कहा कि नेतृत्व की पहचान पद या अधिकार से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के प्रति जिम्मेदारी, विश्वास और साथ निभाने की भावना से होती है।
दीपावली मिलन समारोह में कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना दीपेंद्र साहू, धमतरी महापौर रामू रोहरा सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
