रायगढ़। युवती को फोन कर परेशान करने, घर पहुंचकर छेड़खानी करने और उसकी फोटो मोबाइल स्टेटस पर डालकर बदनाम करने की कोशिश के मामले में महिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अजीत मालाकार (24 वर्ष), निवासी सेमरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती (20 वर्ष) ने 27 नवंबर 2026 को महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले उसकी पहचान आरोपी अजीत मालाकार से हुई थी और दोनों के बीच बातचीत होती थी। इसकी जानकारी परिजनों को मिलने के बाद युवती ने आरोपी से दूरी बना ली थी। इसके बावजूद आरोपी लगातार फोन कर उसे परेशान कर रहा था।
युवती के मुताबिक, 4 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे आरोपी उसके घर पहुंचा। बातचीत नहीं करने पर उसे बदनाम करने की धमकी दी और गलत नीयत से उसका हाथ एवं बांह पकड़कर छेड़खानी की। इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती की फोटो अपने मोबाइल के स्टेटस पर डालकर उसे बदनाम करने का प्रयास भी किया।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने की कार्रवाई
युवती की लिखित शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 105/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78(1)(ii) और 74 के तहत मामला दर्ज किया गया। महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की।
पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।