धमतरी। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र को लेकर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विधानसभा में पूछे जाने वाले प्रश्नों, ध्यानाकर्षण सूचनाओं और महत्वपूर्ण पत्राचार का समय-सीमा में सटीक एवं तथ्यात्मक जवाब भेजने के लिए जिला पुलिस कार्यालय में 12 सदस्यीय विशेष ‘विधानसभा सेल’ का गठन किया गया है। यह सेल पूरे सत्र के दौरान 24 घंटे सक्रिय रहेगा।
आगामी छत्तीसगढ़ षष्ठम् विधानसभा का ग्यारहवां (शीतकालीन) सत्र 14 दिसंबर से 17 दिसंबर 2026 तक आयोजित होगा। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में गठित इस विशेष सेल का उद्देश्य विधानसभा से संबंधित सभी प्रश्नों और सूचनाओं का त्वरित निराकरण कर पुलिस मुख्यालय रायपुर को सही एवं पूर्ण प्रतिवेदन भेजना है।
एएसपी शैलेन्द्र पाण्डेय को सौंपी गई जिम्मेदारी
पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (धमतरी) शैलेन्द्र पाण्डेय को विधानसभा सेल का प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। वहीं, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) यशकरण दीप ध्रुव को सहायक प्रभारी नियुक्त किया गया है। इनके अधीन जानकारी संकलन, कंप्यूटर संबंधी कार्य, दस्तावेजों के संधारण और पत्राचार के लिए 10 अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
विधानसभा सेल के लिए दूरभाष नंबर 07722-238265 और फैक्स नंबर 07722-238390 निर्धारित किया गया है।
दिन-रात होगी निगरानी, सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों को अलर्ट
विशेष सेल में अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित रोस्टर के अनुसार दिन और रात ड्यूटी करेंगे। विधानसभा से संबंधित कोई भी प्रश्न, फैक्स या पत्र प्राप्त होते ही तत्काल वितंतु संदेश और दूरभाष के माध्यम से संबंधित थाना प्रभारी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस को सूचना दी जाएगी, ताकि आवश्यक जानकारी बिना देरी के संकलित कर भेजी जा सके।
इसके अलावा पत्राचार और दस्तावेजों के त्वरित आदान-प्रदान के लिए रक्षित केंद्र से दिन और रात के लिए अलग-अलग डाक रनर की व्यवस्था वाहन सहित की गई है।
सभी थाना प्रभारियों को समय-सीमा में जवाब देने के निर्देश
धमतरी पुलिस की स्थापना शाखा, जिला विशेष शाखा, नक्सल सेल, गुम इंसान एवं गुम बालक शाखा, एससी/एसटी शाखा, महिला अपराध शाखा, शिकायत शाखा, साइबर सेल और यातायात शाखा सहित सभी संबंधित शाखाओं को निर्धारित समय-सीमा में जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही, अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विधानसभा से जुड़े प्रत्येक प्रश्न का जवाब पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ तैयार किया जाए। जवाब तथ्यात्मक रूप से सही हो और निर्धारित समय-सीमा में संबंधित अधिकारी के हस्ताक्षर से भेजा जाए।
जानकारी में त्रुटि, अपूर्णता या अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा। समय पर जानकारी उपलब्ध नहीं कराने वाले संबंधित प्रभारी की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
धमतरी पुलिस ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान प्रभावी समन्वय, सटीक जानकारी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष व्यवस्था की है।