Headlines

किसान की 6 एकड़ धान की फसल जलकर राख, बैंक से कर्ज लेकर की थी खेती, आर्थिक संकट में परिवार

कांकेर। जिले के पखांजूर क्षेत्र के मुरवांडी गांव में एक किसान की मेहनत पर आग ने पानी फेर दिया। किसान बुधुराम उसेंडी की करीब 6 एकड़ में लगी धान की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है।

जानकारी के अनुसार, किसान बुधुराम उसेंडी ने बैंक से कर्ज लेकर धान की फसल बोई थी। पूरे सीजन मेहनत कर तैयार की गई फसल आग की चपेट में आने से नष्ट हो गई। इस घटना के बाद किसान के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। खेती के लिए लिया गया बैंक कर्ज चुकाने और परिवार की जरूरतों को पूरा करने की चिंता अब किसान को सता रही है।

घटना की जानकारी मिलने पर संबंधित पटवारी मौके पर पहुंचे और फसल नुकसान का पंचनामा तैयार किया। पटवारी ने घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को देने की बात कही है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। किसान को हुए नुकसान के आकलन और आगे की प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *