दुर्ग। अपराधों पर नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने 27 और 28 नवंबर की दरमियानी रात शहर में रात्रिकालीन चेकिंग अभियान चलाया। रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक शहर के 14 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की गई। अभियान में करीब 150 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहे।
पुलिस के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर नियंत्रण, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की निगरानी और संदिग्ध वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाना था। सभी थाना प्रभारियों को अलग-अलग सेक्टर और चेकिंग पॉइंट की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। संबंधित राजपत्रित अधिकारियों ने अपने क्षेत्रों में अभियान की निगरानी की।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई
चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए 10 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने शहर में आने-जाने वाले वाहनों की जांच की और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर आवश्यक सत्यापन किया।
मॉक ड्रिल से परखी पुलिस की मुस्तैदी
अभियान के दौरान पुलिस की नाकेबंदी व्यवस्था और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली का भी परीक्षण किया गया। इसके लिए पुलिस लाइन से मॉक ड्रिल के तहत कुछ वाहनों को रवाना किया गया। नाकेबंदी पॉइंट पर तैनात पुलिस टीमों ने इन वाहनों को सफलतापूर्वक रोककर इंटरसेप्ट किया और तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी।
मॉक ड्रिल के जरिए यह परखा गया कि किसी आपराधिक घटना या आपात स्थिति की सूचना मिलने पर पुलिस टीम कितनी तेजी से सक्रिय होती है और निर्धारित नाकेबंदी पॉइंट पर पहुंचकर संदिग्ध वाहनों की जांच कैसे करती है।
पुलिस के अनुसार, अभियान से पहले थाना प्रभारियों और संबंधित पुलिस बल को आवश्यक ब्रीफिंग दी गई थी। इसमें नाकेबंदी की प्रक्रिया, टीमों के बीच समन्वय और कंट्रोल रूम को सूचना देने सहित आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।