रायपुर। रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार शाम रायपुर रेलवे स्टेशन परिसर में संयुक्त सघन चेकिंग अभियान और इमरजेंसी ड्रिल का अभ्यास किया गया। रायपुर कमिश्नरेट जिला बल, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने स्टेशन के विभिन्न हिस्सों में तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर आज शनिवार शाम करीब 5:30 बजे शुरू हुए इस अभियान में लगभग 50 महिला एवं पुरुष जवान शामिल हुए। कार्रवाई डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के नेतृत्व में तथा सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के पर्यवेक्षण में की गई।
प्लेटफॉर्म और आउटर क्षेत्रों की घेराबंदी कर हुई जांच
अभियान की शुरुआत प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 और 7 सहित स्टेशन के आउटर क्षेत्रों की घेराबंदी से हुई। इसके बाद बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड, आरपीएफ और जिला बल की डॉग स्क्वॉड टीमों ने अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक साथ व्यवस्थित तरीके से सर्चिंग की। इस दौरान यात्रियों, उनके सामान और स्टेशन परिसर की सघन जांच की गई।
संदिग्ध गतिविधियों और प्रतिबंधित सामग्री पर कार्रवाई
चेकिंग के दौरान कुछ व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर उनकी पहचान और अन्य विवरणों का सत्यापन किया जा रहा है। वहीं, कुछ व्यक्तियों के पास प्रतिबंधित सामग्री भी मिली है। संबंधित इकाइयों द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे स्टेशन पर हुई इस संयुक्त चेकिंग और इमरजेंसी ड्रिल के दौरान यात्रियों एवं आमजन में भी उत्सुकता देखी गई। अभियान का उद्देश्य महत्वपूर्ण संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करना और आपात स्थिति में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना रहा।