Headlines

दुर्ग के पास ट्रेन यात्री की हत्या, मोबाइल लूटने लड़कों ने डंडे से किया हमला

दुर्ग। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में चलती ट्रेन में यात्री का मोबाइल छीनने की कोशिश के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोबाइल लूटने का विरोध करने पर दो नाबालिगों ने यात्री पर हमला कर दिया, जिससे वह ट्रेन से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान यात्री की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 27 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11:45 बजे इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन क्रमांक 12856 में शिवाजीनगर रेलवे लाइन के पास हुई। ट्रेन में सफर कर रहे मोहम्मद फैजान उर्फ सोनू (25 वर्ष), निवासी ग्राम सुरजी, जिला अमरावती, महाराष्ट्र का मोबाइल छीनने का प्रयास किया गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मोबाइल छीनने के दौरान एक बालक ने यात्री को थप्पड़ मारा, जबकि दूसरे ने डंडे से वार किया। इस दौरान यात्री मोबाइल सहित चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल फैजान को उपचार के लिए सुपेला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

रेलवे लाइन के किनारे खड़े होकर यात्रियों को बनाते थे निशाना

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, दोनों बालक रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े होकर गुजरती ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों को निशाना बनाते थे। वे ट्रेन की खिड़की के पास बैठे यात्रियों के मोबाइल छीनने का प्रयास करते थे। इसी दौरान फैजान के साथ मारपीट हुई और वह ट्रेन से नीचे गिर गया।

दो नाबालिग पुलिस अभिरक्षा में

घटना की सूचना मिलने पर खुर्सीपार पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और तकनीकी सहित अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच में दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें अभिरक्षा में लिया गया।

पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 0542/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 309(4), 309(6) और 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। किशोर न्याय से जुड़े प्रावधानों के कारण दोनों बालकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *