राजनांदगांव। पुलिस चौकी चिचोला क्षेत्र से नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में पुलिस ने 24 साल आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया है। पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के पिता ने 26 मार्च 2026 को चिचोला चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर पुलिस ने बालिका की तलाश शुरू की।
SP अंकिता शर्मा के निर्देशन और ASP कीर्तन राठौर, SDOP केसरी नंदन नायक के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार मामले की जांच कर रही थी। इसी दौरान तकनीकी साक्ष्यों से जानकारी मिली कि आरोपी बालिका को लेकर नागपुर से चिचोला आ रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने चिचोला बस स्टैंड के पास घेराबंदी की और आरोपी झगेंद्र विश्वकर्मा निवासी ग्राम कोहलाकसा को पकड़ लिया। उसके कब्जे से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद किया गया।
पीड़िता के बयान पर बढ़ाई गईं धाराएं
महिला पुलिस अधिकारी के माध्यम से पीड़िता का बयान दर्ज कराया गया। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ बेलगांव, कर्नाटक ले गया था, जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के बयान और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(m), 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 जोड़ी गईं। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।