जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के ग्राम जोकरी पहुंचे, जहां उन्होंने बहन मंजू भगत के नवनिर्मित प्रधानमंत्री आवास में गृह प्रवेश कराया और उनके परिवार की खुशियों में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पक्के घर को परिवार के सपनों और उम्मीदों से जुड़ा बताते हुए नए घर के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया पर अपने भाव साझा करते हुए लिखा कि एक पक्का घर केवल चार दीवारें नहीं, बल्कि पूरे परिवार के सपनों और उम्मीदों का संसार होता है। जब घर की मालकिन कोई बहन बनती है, तो उन्हें विशेष संतोष का अनुभव होता है।
उन्होंने कहा कि मंजू भगत के नए घर में गृह प्रवेश के दौरान परिवार के चेहरों पर खुशी और आत्मसम्मान की मुस्कान देखकर उनका मन गदगद हो गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार के उस संकल्प का उल्लेख किया, जिसके तहत हर जरूरतमंद परिवार को अपना पक्का आशियाना उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का प्रयास है कि बहनों के सपनों को अपनी छत मिले, उनके घरों में खुशियां बसें और उनके जीवन में समृद्धि आए।

