बस्तर। छत्तीसगढ़ का बस्तर जो कभी नक्सल हिंसा का केंद्र माना जाता था, अब तेजी से बदलते भारत की नई पहचान बनकर उभर रहा है. केंद्र और राज्य सरकार ने पहले ही विकास की जो नींव रखी थी, अब उसे और मजबूत करने के लिए व्यापक खाका तैयार किया गया है. नई औद्योगिक नीति में बस्तर को विशेष प्राथमिकता दी गई है, जहां स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है. इससे न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।

युवाओं को इस बदलाव का केंद्र बनाया गया है. कौशल विकास योजनाओं के माध्यम से उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षित कर रोजगार से जोड़ा जा रहा है. यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि बस्तर का युवा अब बंदूक नहीं, बल्कि अपने कौशल और मेहनत से अपनी पहचान बनाए. आत्मसमर्पण करने वाले पूर्व नक्सलियों को भी पुनर्वास, प्रशिक्षण और आर्थिक सहायता देकर मुख्यधारा में सम्मानजनक स्थान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भी तेजी से काम हो रहा है. सड़कों, पुलों और रेल परियोजनाओं के जरिए बस्तर की कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है. रावघाट-जगदलपुर रेल लाइन जैसी परियोजनाएं क्षेत्र के लिए गेमचेंजर साबित होंगी, जो न केवल आवागमन को आसान बनाएंगी बल्कि व्यापार और उद्योग को भी नई दिशा देंगी. इंद्रावती नदी पर बैराज और नहर परियोजनाओं के माध्यम से सिंचाई का दायरा बढ़ाया जा रहा है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि और कृषि क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी।

बजट में भी इन प्रयासों को और गति देने के लिए बड़े प्रावधान किए गए हैं. बस्तर में एजुकेशन सिटी की स्थापना, बस सेवा का विस्तार, होमस्टे नीति के जरिए पर्यटन को बढ़ावा, कृषि आधारित उद्योगों में निवेश और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार जैसे कदम इस बात का संकेत हैं कि सरकार विकास को बहुआयामी रूप में आगे बढ़ा रही है।
बस्तर विकास प्राधिकरण के माध्यम से सड़कों और पुलों का तेजी से निर्माण किया जा रहा है, जिससे दूरस्थ गांवों को मुख्यधारा से जोड़ना आसान हो रहा है।