Rajasthan News अलवर जिले में जिला परिषद की सभा में हंगामा खड़ा हो गया, जब विरोध का एक बेहद अनोखा और प्रतीकात्मक रूप देखने को मिला. मुंडावर उपखंड के अलीपुर में करंट लगने से 11 भैंसों की मौत के मामले को लेकर आक्रोशित जिला पार्षद भैंस लेकर सीधे जिला परिषद कार्यालय पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया.
हंगामा इसलिए हुआ कि अलीपुर गांव में हाल ही में बिजली करंट की चपेट में आने से एक साथ 11 भैंसों की मौत हो गई थी, जिससे कई पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा. इस मामले को लेकर जिला परिषद की बैठक में पार्षद संदीप फौलादपुरिया ने प्रतीकात्मक रूप से भैंस के साथ पहुंचकर विरोध जताया. उनका कहना था कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद न तो कोई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही किसी जनप्रतिनिधि ने पीड़ित परिवारों की सुध ली.
स्थानीय पार्षद संदीप फौलादपुरिया ने आरोप लगाया कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और ऐसी घटनाओं में तत्काल राहत, मुआवजा और जिम्मेदारों पर कार्रवाई बेहद जरूरी है लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण अब तक पीड़ित परिवारों को कोई सहायता नहीं मिल पाई है. उन्होंने मांग की कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो.