रायपुर। पति ने पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी की हत्या कर दी। सूचना कर्ता रवि बुंदेल द्वारा थाना में सूचना दी गई कि छुईया तालाब के पास स्थित किराये के मकान में रहने वाली पार्वती साहू अपने घर में अचेत अवस्था में पड़ी हुई है। उसे ईलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाने पर उनकी मृत्यु होना बताया गया। बाद में 8 मई को प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा मृत्यु का कारण गला घोंटने से दम घुटना लेख किए जाने पर थाना कोतवाली में अज्ञात आरोपी के खिलाफ क्रमांक 234/26 धारा 103(1) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
केस को गंभीरता से लेते हुए थाना कोतवाली पुलिस द्वारा मामले की जांच प्रारंभ की गई। जांच के दौरान सूचक, मकान मालिक तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। इसी दौरान पुलिस टीम को जानकारी प्राप्त हुई कि घटना के दिन मृतिका के पति ललित कुमार उर्फ विक्की को आखिरी बार मृतिका पार्वती साहू के घर में देखा गया था। प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस टीम द्वारा ललित कुमार उर्फ विक्की की पतासाजी कर उसे हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी पति द्वारा बताया गया कि मृतिका पार्वती साहू उसकी पत्नी थी, दोनों के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। घटना के दिन भी दोनों के बीच विवाद और हाथापाई हुई, इस दौरान आवेश में आकर आरोपी ने कपड़े से मृतिका का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपना अपराध स्वीकार किए जाने पर पुलिस टीम ने आरोपी ललित साहू उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मृतिका के मोबाइल को जप्त किया गया। आरोपी के ख़िलाफ़ आगे की कार्यवाही की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
ललित साहू उर्फ विक्की पिता कमल किशोर साहू, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम गांजर थाना बागबाहरा जिला महासमुंद, हाल – हम्पटी-डम्पटी प्ले स्कूल, श्रीराम नगर रायपुर।