छत्तीसगढ़ के 1163 युवा अग्निवीर के लिए चयनित 

28 मई को मूल दस्तावेजों के साथ नया रायपुर स्थित सेना भर्ती कार्यालय में उपस्थित हों सफल अभ्यर्थी

रायगढ़। सेना भर्ती कार्यालय द्वारा जनवरी माह में धमतरी में आयोजित भारतीय सेना अग्निवीर भर्ती के विभिन्न पदों का परिणाम 25 मई 2026 को घोषित कर दिया गया है। इस भर्ती में छत्तीसगढ़ के कुल 1163 युवाओं ने सफलता प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। परिणाम भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट (www.joinindianarmy.nic.in) तथा सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के नोटिस बोर्ड पर जारी किए गए हैं।

सभी सफल अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे 28 मई 2026 को सुबह 7 बजे अपने सभी मूल दस्तावेजों के साथ सेना भर्ती कार्यालय रायपुर, नया रायपुर में उपस्थित हों। यह कार्यालय शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के समीप स्थित है, जहां अभ्यर्थियों को प्रारंभिक दिशा-निर्देश प्रदान किए जाएंगे। भारतीय सेना ने सभी चयनित उम्मीदवारों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

साथ ही स्पष्ट किया गया है कि सेना भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं योग्यता आधारित होती है। अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार के दलालों एवं भ्रामक गतिविधियों से सावधान रहने की सलाह दी गई है। किसी भी जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय नया रायपुर के दूरभाष नंबर 0771-2965212 एवं 0771-2965214 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *