मरीन ड्राइव में सड़क पर कार खड़ी करने पर FIR दर्ज

रायपुर। शहर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बाधित करने के मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू की है। ढीमर मोहल्ला टिकरापारा निवासी रमेश यादव ने तेलीबांधा पुलिस को शिकायत देकर बताया कि 19 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे वह मरीन ड्राइव घूमने गया था।

इस दौरान दोसा प्वाइंट के सामने कार क्रमांक **CG 04 HY 4180** का चालक अपनी गाड़ी मुख्य सड़क के आधे हिस्से पर खड़ी कर दिया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, वाहन इस तरह खड़ा किया गया था कि आम लोगों और अन्य वाहन चालकों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। सड़क पर वाहन खड़े होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और जाम जैसी स्थिति बनने लगी थी।

रमेश यादव ने बताया कि उन्होंने वाहन चालक को समझाइश देते हुए कार को सड़क किनारे खड़ा करने के लिए कहा, लेकिन चालक ने उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया। इसके कारण मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित होने की स्थिति बनी रही।

इसके बाद शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी तेलीबांधा पुलिस को दी और वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक मार्गों पर गलत तरीके से वाहन खड़ा करना यातायात व्यवस्था में बाधा डालता है। ऐसे वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, ताकि शहर में यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *