रायपुर। राजधानी रायपुर के मोवा स्थित फेस-1 अशोका आइकन में बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। यहां रहने वाले पंकज अग्रवाल ने पंडरी थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार उनके घर से करीब 51 लाख 50 हजार रुपये नगद समेत लाखों रुपये कीमत के सोने और चांदी के जेवरात चोरी हो गए हैं। पीड़ित परिवार ने घर में काम करने वाले कुक महेंद्र कुमार यादव और उसके साथियों पर चोरी की आशंका जताई है। पंकज अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि 26 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2 बजे वह अपने पूरे परिवार के साथ निजी काम से नया रायपुर गए हुए थे। घर की देखरेख के लिए उन्होंने कुक महेंद्र कुमार यादव को रखा था, जो बिहार के बांका जिले के कटोरिया क्षेत्र का रहने वाला है। महेंद्र को उन्होंने 14 जुलाई 2026 से घर में रसोई बनाने के काम पर रखा था। इससे पहले भी वह करीब 8 दिन उनके घर में काम कर चुका था।
शिकायत के मुताबिक, परिवार जब शाम करीब 7 बजे वापस लौटा तो घर का मुख्य गेट बंद था और अंदर की लाइटें बंद थीं। परिवार को कुछ संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने घर के पीछे जाकर देखा तो वहां का गेट खुला हुआ मिला। पीछे के रास्ते से घर में प्रवेश करने पर बेडरूम का दरवाजा भी खुला पाया गया। जब परिवार ने कमरे के अंदर जाकर देखा तो अलमारी के दोनों दरवाजे खुले हुए थे। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखी करीब 51 लाख 50 हजार रुपये की नकदी गायब थी। इसके अलावा लॉकर में रखे सोने और चांदी के जेवरात भी चोरी हो चुके थे। पीड़ित पंकज अग्रवाल ने कुल 70 लाख की चोरी का दावा किया है।
चोरी हुए सामान में पत्नी और बेटी के सोने के पुराने इस्तेमाल किए हुए कंगन, कान और गले के सेट, 10 ग्राम की दो सोने की गिन्नी, करीब 10 ग्राम का एक सोने का टुकड़ा, एक सेट सोने के झुमके, 5 नग सोने के टॉप्स, एक ब्रेसलेट और करीब 20 नग चांदी के सिक्के शामिल हैं। इसके अलावा एक पेन ड्राइव भी गायब मिली। पंकज अग्रवाल ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि इस चोरी की वारदात को घर में काम करने वाले कुक महेंद्र यादव ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया है। शिकायत मिलने के बाद पंडरी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घर में लगे सीसीटीवी कैमरों, कुक की गतिविधियों और अन्य संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है।