Headlines

देवपुरी में रेलकर्मी के साथ मारपीट, बाप-बेटे के खिलाफ केस दर्ज 

रायपुर। देवपुरी इलाके में जमीन विवाद को लेकर एक रेलकर्मी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित रेलकर्मी अनख गिलहरे ने टिकरापारा थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने अपने बड़े भाई सुनील ब्रम्हदेव और उनके बेटे आर्यन ब्रम्हदेव पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, अनख गिलहरे ने करीब चार साल पहले बुधारू ब्रम्हदेव से जमीन खरीदी थी, जिसकी रजिस्ट्री भी पूरी हो चुकी है। लेकिन इस जमीन को लेकर उनके बड़े भाई सुनील ब्रम्हदेव से विवाद चल रहा है। पीड़ित का आरोप है कि उनका भाई उक्त जमीन पर अपना हक जताते हुए लगातार विवाद कर रहा है।

घटना 26 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। अनख गिलहरे के मुताबिक, वह आमा तालाब देवपुरी में बैठा हुआ था, तभी सुनील ब्रम्हदेव और उनका बेटा आर्यन ब्रम्हदेव वहां पहुंचे। दोनों ने जमीन में धान बोने को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि पिता-पुत्र ने गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी और डंडे से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान रेलकर्मी अनख गिलहरे के हाथ, पैर और सिर में चोटें आई हैं। घटना के बाद उन्होंने टिकरापारा थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। जमीन विवाद से जुड़े इस मामले में पुलिस दोनों पक्षों के बयान लेकर आगे की कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *