रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) कार्यालय में पदस्थ पुलिस स्टाफ की सतर्कता, संवेदनशीलता एवं जनसेवा की भावना का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। ITMS में कार्यरत महिला आरक्षक मनीषा पाल के त्वरित प्रयासों से एक महिला को उनकी अत्यंत महत्वपूर्ण डॉक्टरी (मेडिकल) रिपोर्ट सुरक्षित रूप से वापस प्राप्त हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला की आवश्यक मेडिकल रिपोर्ट किसी कारणवश उनसे छूट गई थी जिसे गलती से दूसरा व्यक्ति अपने साथ गाड़ी में ले गया था उक्त दस्तावेज ITMS कार्यालय के संज्ञान में आने पर वहां पदस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दस्तावेज की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उसके वास्तविक स्वामी की पहचान एवं संपर्क स्थापित करने के प्रयास प्रारंभ किए।
आवश्यक जानकारी एकत्र कर संबंधित महिला से संपर्क किया गया तथा उन्हें विधिवत उनकी मेडिकल रिपोर्ट सुरक्षित सुपुर्द की गई।अपनी महत्वपूर्ण रिपोर्ट वापस मिलने पर महिला ने ITMS कार्यालय के पुलिस स्टाफ एवं रायपुर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली सहायता से उन्हें बड़ी राहत मिली। उन्होंने रायपुर पुलिस की तत्परता, ईमानदारी एवं जनसेवा की भावना की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उक्त कार्य में महिला आरक्षक मनीषा पाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।यातायात पुलिस रायपुर का उद्देश्य केवल यातायात संचालन एवं नियमों का पालन सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की हरसंभव सहायता कर पुलिस एवं जनता के बीच विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करना भी है। ITMS कार्यालय के पुलिस स्टाफ द्वारा प्रदर्शित यह मानवीय एवं सेवा-भावना से परिपूर्ण कार्य पुलिस की जनहित एवं नागरिक सहयोग के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।यातायात पुलिस, पुलिस कमिश्नरेट रायपुर नागरिकों से अपील करती है कि यदि किसी व्यक्ति का कोई महत्वपूर्ण दस्तावेज, सामान अथवा अन्य मूल्यवान वस्तु कहीं मिले तो उसे निकटतम पुलिस थाना अथवा ITMS कार्यालय में जमा कराएं, ताकि उसे सुरक्षित रूप से उसके वास्तविक स्वामी तक पहुंचाया जा सके। पुलिस का यही प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक को त्वरित, संवेदनशील एवं भरोसेमंद पुलिस सेवा उपलब्ध हो।