रायपुर। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले 24 से 48 घंटे के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
अगले 24 घंटे में बलरामपुर, जशपुर, कोरबा, रायगढ़, सूरजपुर और सरगुजा जिलों के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
वहीं अगले 48 घंटे के दौरान बलरामपुर, कोरबा, रायगढ़, सरगुजा और सूरजपुर जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा बलरामपुर, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरबा, रायगढ़, सरगुजा, सूरजपुर और जशपुर जिलों के कुछ स्थानों पर भी भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, सड़कों पर पानी भरने और स्थानीय स्तर पर यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है। लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।