दुर्ग। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में शिव प्रसाद होटल के बाहर से चोरी हुई मोटरसाइकिल को पुलिस ने बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने 33 वर्षीय आरोपी अभिषेक नगराले को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी मोहम्मद शफीक ने 15 सितंबर 2026 को सुपेला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 सितंबर की रात करीब 8 बजे शिव प्रसाद होटल के बाहर खड़ी उनकी काले रंग की हीरो होंडा स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG-07-AE-0441 को अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने वाहन और आरोपी की तलाश शुरू की। इसी बीच मिली सूचना के आधार पर अभिषेक नगराले को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की मोटरसाइकिल को आरके मैदान, स्लाटर हाउस के पास छिपाकर रखना बताया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।