सब्जी बाड़ी की पुलिस ने तलाशी ली, जमीन अंदर से महुआ शराब जब्त

रायगढ़। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने ग्राम नंदेली में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9 लीटर महुआ शराब जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 900 रुपये बताई गई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक आज प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नंदेली के इंदिरा आवास पारा में एक व्यक्ति अपनी बाड़ी में अवैध बिक्री के लिए महुआ शराब छिपाकर रखा है।

सूचना मिलने पर कोतरारोड़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मनबोध चौहान (40 वर्ष), पिता पीला राम चौहान, निवासी नंदेली इंदिरा आवास पारा, थाना कोतरारोड़, जिला रायगढ़ बताया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5-5 लीटर क्षमता वाली दो प्लास्टिक जरीकेन में रखी कुल 9 लीटर महुआ शराब बरामद की। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में शराब जब्त कर जब्ती पंचनामा तैयार किया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *