धमतरी। कुरुद विधायक अजय चंद्राकर को बदनाम करने वाले साजिशकर्ता गिरफ्तार किए गए है। पूरा मामला एडिट वीडियो से जुड़ा है। धमतरी पुलिस ने बताया कि 22 मार्च 2026 को भाजपा कार्यालय कुरूद में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा फहराए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था। उक्त वीडियो को एडिट कर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर “धमतरी में तिरंगे की जगह BJP का झंडा, स्वतंत्रता दिवस पर उठे सवाल” जैसे भ्रामक संदेश एवं तिरंगे के प्रतीक के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
जांच के दौरान आरोपियों को धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस देकर पूछताछ की गई। आरोपियों के मोबाइल फोन का विधिवत अवलोकन एवं पंचनामा तैयार किया गया। अवलोकन के दौरान कई सोशल मीडिया एवं वीडियो एडिटिंग एप्लीकेशन पाए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा मूल वीडियो को डाउनलोड कर News Banao App के माध्यम से एडिट किया गया तथा उसमें भ्रामक शीर्षक एवं तिरंगे का प्रतीक जोड़कर वीडियो तैयार किया गया।
इसके बाद उक्त एडिटेड वीडियो को Instagram एवं Facebook पर अपलोड किया गया। आरोपी द्वारा बाद में वीडियो डिलीट किया जाना बताया गया, जिसके संबंध में Instagram के Recently Deleted सेक्शन में भी उक्त वीडियो के साक्ष्य पाए गए। आवश्यक स्क्रीनशॉट एवं डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित किए गए।
वहीं आरोपी राकेश निराला के मोबाइल की जांच में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा फहराए जाने संबंधी फोटो भी पाए गए, जिसका स्क्रीनशॉट लेकर पंचनामा तैयार किया गया। आरोपियों में भुनेश्वर निराला, राकेश निराला शामिल है।