रायपुर। राजधानी रायपुर के कमल विहार सेक्टर-1 जाने वाली सड़क पर इन दिनों भारी गंदगी की स्थिति बनी हुई है। कमल विहार के प्रवेश द्वार (स्वागत गेट) से करीब एक किलोमीटर तक सड़क के आसपास गंदगी और कचरा फैला होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों और इस मार्ग से गुजरने वालों का कहना है कि गंदगी के कारण यहां बदबू का आलम है। कुछ स्थानों पर स्थिति इतनी खराब बताई जा रही है कि लोगों का वहां कुछ देर रुकना भी मुश्किल हो जाता है और दुर्गंध के कारण सांस लेने में परेशानी महसूस होती है।
कमल विहार क्षेत्र RDA (रायपुर विकास प्राधिकरण) के अंतर्गत आता है। ऐसे में क्षेत्र में साफ-सफाई और मूलभूत व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि लंबे समय से बनी इस समस्या पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
गंदगी के कारण आसपास के वातावरण और सार्वजनिक स्वास्थ्य पर भी असर पड़ने की आशंका है। रहवासियों ने संबंधित रायपुर विकास प्राधिकरण से मांग की है कि सड़क और आसपास के क्षेत्र की तत्काल सफाई कराई जाए तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।



