रायगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत लैलूंगा पुलिस ने लगातार दूसरे दिन गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.108 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये, तथा तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो वाहन क्रमांक 26 BH 4095 B, जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये है, जब्त किया है। कार्रवाई में 10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की बोलेरो वाहन में ओडिशा की ओर से अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर तस्कर लैलूंगा-पत्थलगांव होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू की। इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए मार्ग पर एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति वाहन की पायलटिंग करते हुए आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मोटरसाइकिल से गिर गया। चोट लगने के कारण उसे तत्काल उपचार के लिए सीएचसी लैलूंगा भेजा गया। पुलिस टीम ने इसके बाद भी संदिग्ध बोलेरो वाहन की तलाश जारी रखी।
कुछ देर बाद सफेद रंग की बोलेरो क्रमांक 26 BH 4095 B पाकरगांव की तरफ से लैलूंगा की ओर आती दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर चालक ने वाहन को दूसरी दिशा में भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। पूछताछ में बोलेरो चालक ने अपना नाम जशवंत कुमार शर्मा बताया। वाहन में बैठी महिला ने अपना नाम ज्योति जाटव बताया। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर दोनों ने ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के लखनऊ ले जाना स्वीकार किया।