रायपुर/सिंगापुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने सिंगापुर में मौद्रिक प्राधिकरण की पहल ग्लोबल फाइनेंस एंड टेक्नोलॉजी नेटवर्क (GFTN) के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ महत्वपूर्ण चर्चा की। बैठक में GFTN के ग्रुप सीईओ सोपनेंदु मोहंती, भारत, एशिया, जापान और आसियान के सीईओ जेम्स बोय, मुख्य परिचालन अधिकारी एंथनी थॉमस सहित उनकी टीम शामिल रही।
बैठक में छत्तीसगढ़ के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल फाइनेंस के क्षेत्र में प्रशिक्षण देने के लिए संभावित साझेदारी पर विस्तार से चर्चा हुई। इसका उद्देश्य राज्य के युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल से लैस कर उन्हें वैश्विक स्तर पर रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।
चर्चा के दौरान छत्तीसगढ़ के स्टार्टअप्स को स्केल करने और वैश्विक निवेशकों तक उनकी पहुंच बढ़ाने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में टेक लैब स्थापित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय के सिंगापुर दौरे के दौरान हुई इस बैठक को छत्तीसगढ़ में डिजिटल कौशल, स्टार्टअप इकोसिस्टम और नई तकनीकों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। बैठक में युवाओं के कौशल विकास और राज्य में तकनीकी नवाचार को वैश्विक अवसरों से जोड़ने पर विशेष जोर रहा।
