दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल 21 नवंबर को पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे तीनों राज्यों में आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से अपने इस दौरे की जानकारी साझा की है।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की शुरुआत पश्चिम बंगाल से होगी, जहां वे आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जयंती समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर संस्थान की उपलब्धियों और शिक्षा एवं तकनीकी क्षेत्र में उसके योगदान को रेखांकित किया जाएगा।
इसके बाद प्रधानमंत्री बिहार के वैशाली पहुंचेंगे। यहां वे 34 हजार करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं को राज्य के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे। यहां वे कौशल दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम कौशल विकास और युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण से जोड़ने के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री का यह एक दिवसीय दौरा तीन राज्यों में शिक्षा, बुनियादी ढांचे और कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रमों पर केंद्रित रहेगा।