रायपुर। राजधानी में रेलवे स्टेशन के फुटपाथ पर रहने वाली करीब दो वर्षीय बच्ची की मेकाहारा अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। शुरुआत में बच्ची की मौत सामान्य बीमारी से होना प्रतीत हो रहा था, लेकिन बाद में उसकी मां और परिजनों ने मौत को संदेहास्पद बताते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की। अब शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर की सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच बच्ची की तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में इलाज के दौरान दोपहर करीब 2 बजे बच्ची ने दम तोड़ दिया।
प्रारंभिक तौर पर बच्ची की मौत सामान्य बीमारी के कारण होना प्रतीत हुआ था। उस समय परिजनों ने भी किसी तरह की आशंका नहीं जताई थी। इसके चलते अस्पताल की चिकित्सकीय टीम ने मृत्यु की सूचना देने के बाद नियमानुसार आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया था।
हालांकि, बाद में बच्ची की मां और अन्य परिजनों ने मौत को लेकर संदेह जताया और पोस्टमार्टम कराने की मांग की। इस संबंध में परिजनों से अलग से आवेदन प्राप्त किया गया है। अब बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराने और आगे की वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है।