Headlines

बिलासपुर के जंगल में मिली अज्ञात व्यक्ति की जली हुई लाश, FSL और डॉग स्क्वॉड ने की जांच

बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरैया के जंगल में एक अज्ञात पुरुष का जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को ग्राम सरैया जंगल में अज्ञात पुरुष का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मेन रोड से करीब 50 मीटर अंदर एक व्यक्ति की जली हुई लाश मिली।

इसके बाद एफएसएल टीम के वैज्ञानिकों और डॉग स्क्वॉड की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सिम्स अस्पताल, बिलासपुर भेज दिया।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। शव किन परिस्थितियों में जला और उसकी मौत कैसे हुई, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश में अज्ञात आरोपी की तलाश और मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *