बिलासपुर। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और संगठित अपराध नेटवर्क के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना सिटी कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 229/2026 की जांच के दौरान पुलिस ने सट्टे से अर्जित अवैध धन, हवाला के जरिए लेन-देन और उससे बनाई गई संपत्तियों से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। मामले की जांच में देश के विभिन्न राज्यों से सट्टे की रकम के लेन-देन और हवाला के माध्यम से धन हस्तांतरण के तथ्य सामने आए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 13 नवंबर को की गई तलाशी के दौरान करीब 8 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, महंगी घड़ियां, बैंकिंग से संबंधित दस्तावेज और महत्वपूर्ण संपत्ति दस्तावेज बरामद किए गए। तलाशी में करीब 25 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं।
जांच के दौरान विदेशों, विशेषकर दुबई में भी संपत्तियां अर्जित किए जाने की जानकारी सामने आई है। संबंधित आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। वहीं, रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
बिलासपुर पुलिस अब बैंकिंग लेन-देन, हवाला नेटवर्क, संपत्तियों के वास्तविक स्रोत और उनके लाभार्थियों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 107 के तहत उनकी कुर्की के लिए वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के जरिए अवैध कमाई और हवाला नेटवर्क के माध्यम से संपत्तियां बनाने के मामले में जांच का दायरा बढ़ गया है।