धमतरी। जिले में जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में भखारा पुलिस ने ग्राम जोरातराई में दबिश देकर जुआ खेल रहे तीन लोगों को रंगे हाथों पकड़ा है। पुलिस ने मौके से 6,500 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, भखारा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जोरातराई गांव स्थित शासकीय हाईस्कूल के पीछे खेत जाने वाले कच्चे रास्ते पर कुछ लोग रुपये-पैसे का दांव लगाकर काटपत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से गोविंद साहू (40), निवासी जोरातराई, रवि कोसले (19), निवासी गोबरा नवापारा, जिला रायपुर और मनहरण (33), निवासी खपरी, थाना कुरूद, जिला धमतरी को जुआ खेलते हुए पकड़ा।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और मौके से 6,500 रुपये नगद तथा 52 पत्ती ताश बरामद कर जब्त की। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना भखारा में अपराध क्रमांक 119/2026, धारा 3(2) जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।