रायगढ़। जिले में खड़े ट्रकों की डीजल टंकियां तोड़कर ईंधन चोरी करने वाले आरोपी को पूंजीपथरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चोरी का डीजल खरीदने वाले पूजा ढाबा के संचालक को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 80 लीटर डीजल और चोरी में इस्तेमाल की गई महिंद्रा जाइलो कार सहित 3 लाख 8 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर को ट्रक चालक शशिकांत उपाध्याय (38 वर्ष) ने थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 17 नवंबर की रात वह अपना ट्रक क्रमांक CG 15 EB 8542 लेकर पूंजीपथरा पहुंचा था और सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर सो गया था। अगले दिन सुबह उठने पर ट्रक की डीजल टंकी टूटी मिली और उसमें से डीजल गायब था। आसपास खड़े चार अन्य ट्रकों की डीजल टंकियां भी तोड़कर करीब 300 लीटर डीजल चोरी किया गया था।
शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 307/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मुखबिरों को सक्रिय किया।
जाइलो कार से ट्रकों की करता था रेकी
जांच के दौरान पुलिस ने संदेही सूरज यादव (23 वर्ष), निवासी ग्राम सराईटोला, जिला जशपुर, वर्तमान निवासी दीनदयाल कॉलोनी रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि वह पिछले करीब एक साल से रायगढ़ में छोटी गाड़ी चलाने का काम कर रहा था। उसने पुरानी महिंद्रा जाइलो कार खरीदी थी।
आरोपी ने कथित तौर पर पैसों की जरूरत के चलते 17 नवंबर की रात जाइलो कार से सुनसान स्थानों पर खड़े ट्रकों की रेकी की और पांच ट्रकों की डीजल टंकियां तोड़कर डीजल खाली ड्रमों में भर लिया। चोरी के डीजल में से कुछ ट्रक चालकों को बेचा और कुछ संबलपुरी स्थित पूजा ढाबा के संचालक मुकेश कुमार मखीजा को बेच दिया। शेष डीजल अपने पास छिपाकर रखा था।
ढाबा संचालक ने भी खरीदा था चोरी का डीजल
सूरज यादव से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पूजा ढाबा में दबिश दी और संचालक मुकेश कुमार मखीजा (44 वर्ष), निवासी बोईरदादर रायगढ़ से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने चोरी का डीजल खरीदना स्वीकार किया।
पुलिस ने सूरज यादव के कब्जे से 50 लीटर और मुकेश मखीजा के कब्जे से 30 लीटर डीजल बरामद किया। इस तरह कुल 80 लीटर डीजल, जिसकी कीमत करीब 8 हजार रुपये है, जब्त किया गया। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल महिंद्रा जाइलो कार क्रमांक OD 05 AL 7035, जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है, भी जब्त की गई।
चोरी का डीजल खरीदने के साक्ष्य मिलने पर मामले में बीएनएस की धारा 317(2) भी जोड़ी गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी:
- सूरज यादव (23 वर्ष), निवासी ग्राम सराईटोला, थाना बागबहार, जिला जशपुर; वर्तमान पता दीनदयाल कॉलोनी, रायगढ़।
- मुकेश कुमार मखीजा (44 वर्ष), निवासी बोईरदादर, रायगढ़; संचालक पूजा ढाबा, संबलपुरी।