रायपुर में 4 साल की बच्ची का अपहरण, नागपुर तक तलाशी, किडनैपर गिरफ्तार

रायपुर। चार साल की बच्ची के अपहरण की शिकायत मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को महाराष्ट्र के नागपुर ग्रामीण क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बच्ची को अपने कब्जे में लेकर आरोपी अमृत पाल सिंह (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को बच्ची के परिजन ने थाना सरस्वती नगर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अमृत पाल सिंह नामक व्यक्ति उनकी चार वर्षीय बेटी को उठाकर ले गया है। मामला गंभीर होने पर वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई और अपराध दर्ज कर पुलिस टीम को आरोपी की तलाश में लगाया गया।

CCTV से मिला सुराग, महाराष्ट्र तक पहुंची पुलिस

पुलिस टीम ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और आरोपी के संभावित लोकेशन का विश्लेषण किया। जांच में आरोपी के बच्ची को लेकर महाराष्ट्र की ओर जाने की संभावना सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल महाराष्ट्र के लिए रवाना हुई और स्थानीय साकोली एवं मौदा पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। लगातार तलाश और समन्वित कार्रवाई के दौरान आरोपी को मौदा टोल प्लाजा के पास बच्ची के साथ पकड़ लिया गया। पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान अमृत पाल सिंह अमृतसर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में हीरापुर गुरुद्वारा के पास किराये के मकान में रह रहा था। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। बच्ची को सकुशल बरामद करने में CCTV की जांच और महाराष्ट्र पुलिस के साथ समन्वय महत्वपूर्ण रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *